इनर व्हील क्लब ऑफ ग्वालियर ने 3 बालिकाओं की पूरे वर्ष की फीस जमा की

Apr 18 2026

ग्वालियर। इनर व्हील क्लब ऑफ ग्वालियर द्वारा शिक्षा सेवा के अंतर्गत एक सराहनीय पहल की गई। क्लब ने पद्मा विद्यालय कंपू में अध्ययनरत तीन निर्धन बालिकाओं की पूरे सत्र की स्कूल फीस जमा कराई। ये बच्चियाँ अत्यंत गरीब परिवारों से आती हैं। इनकी माताएँ घरों में बर्तन-झाड़ू का काम करती हैं तथा पिता ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के चलते तीनों बालिकाएँ अपनी पढ़ाई छोडऩे को मजबूर थीं।
प्रत्येक छात्रा की वार्षिक फीस 2040 रूपए है। कुल 6120 रूपए की राशि क्लब की पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. विमल गर्ग द्वारा अपने पुत्र के जन्मदिन के अवसर पर उसकी स्मृति में प्रदान की गई। क्लब अध्यक्ष अर्चना पारख ने बताया कि इनर व्हील का मुख्य उद्देश्य ‘केयर फॉर वूमेन एंड गल्र्स’ है। इस छोटे से प्रयास से अब ये बच्चियाँ बिना किसी आर्थिक बाधा के पूरे वर्ष विद्यालय जा सकेंगी। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष अर्चना पारख, क्लब कॉरेस्पोंडेंट सरिता अग्रवाल एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक व स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. विमल गर्ग के इस उदार सहयोग की सराहना की।