सीवर सफाई के काम में हम बदलाव लाकर दिखाएंगे: ऊर्जा मंत्री तोमर

Apr 18 2026

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के आव्हान पर 15 ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में शनिवार से सीवर स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है। क्षेत्र में सीवर समस्या को लेकर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से परेशानी बनी हुई थी। सीवर समस्या को दूर करने के लिए 15 ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र से विधायक और ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने खुद पहल करते हुए 3 करोड़ 15 लाख रुपए कीमत की सीवर सकर मशीन विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई है। उप नगर ग्वालियर के कांच मिल क्षेत्र से इस मशीन ने शनिवार से सीवर लाइनों की सफाई करना शुरू कर दिया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कांग्रेस शासित नगर निगम को अब तक सीवर समस्या दूर न करने के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने हमारे संस्कार किसी पर दोषारोपण करने वाले नहीं हैं और हम यहां किसी को कटघरे में खड़ा भी नहीं करना चाहते हैं। लेकिन सच्चाई तो यही है कि शहर की सफाई का दायित्व कांग्रेस शासित नगर निगम का है। उन्होंने कहा कि ऐसा क्या है कि नगर निगम अपनी जिम्मेदारी से बच रही है। इस अवसर पर उन्होंने सीवर सफाई का पूरा शेड्यूल बताते हुए कहा कि 18 अप्रैल से 30 अप्रैल तक किस-किस तारीख को कहां-कहां सफाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आज ग्वालियर की स्वच्छता को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए सीवर समस्या के समाधान के लिए ‘सुपर सकर’ मशीन का शुभारंभ कर इसे नगर निगम को समर्पित किया है। अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से सफाई व्यवस्था और अधिक तेज, प्रभावी व सुदृढ़ बनेगी।
इस अवसर पर उन्होंने जन कल्याण समिति को अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि जहां-जहां सीवर सफाई का काम चले, जन कल्याण समिति के लोग इस कार्य की न केवल निगरानी रखें, बल्कि यह सुनिश्चित करें की सीवर सफाई का कार्य सुव्यवस्थित तरीके से हो। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस शासित नगर निगम के लिए चुनौती है। हमने सीवर सफाई के कार्य को अपने हाथ में लिया है और हम इसमें बदलाव लाकर दिखाएंगे। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने सिविल अस्पताल हजीरा का जिक्र करते हुए कहा कि यह हमारी और आपकी जिद का ही परिणाम है कि सिविल अस्पताल हजीरा उन मरीजों को सुविधा दे रहा है, जिन्हें इलाज के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता था।  
ऊर्जा मंत्री ने 15 ग्वालियर विधानसभा मैं आ रहे बदलाव का जिक्र करते हुए कहा, आज स्वास्थ्य, सडक़, खेलकूद, शिक्षा हर क्षेत्र में बदलाव हो रहा है। पहले लोग हमारे पास आकर निजी स्कूलों में अपने बच्चों का एडमिशन कराने की बात कहते थे, लेकिन अब यहां के लोग अपने बच्चों को सांदीपनी स्कूल में भर्ती कराने की बात कहते हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह तोमर, शैलेन्द्र सिंह सिकरवार, चिंटू परमार, महेश सिंह भदौरिया, लवी खंडेलवाल, अरुण बाजपेयी, साल सिंह सिकरवार, जगन्नाथ सिंह सिकरवार, रामअवतार सिंह बैस, सुरेन्द्र सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।