रशियन गर्ल के साथ आपत्तिजनक रील बनाई

Apr 18 2026

ग्वालियर। किला देखने आई रशियन गर्ल के साथ एक इन्फ्लुएंसर की आपत्तिजनक हरकत सामने आई है। हिंदी भाषा से अनजान इस महिला के साथ मजाक के नाम पर अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो बनाया गया। इसे ‘राधे गुर्जर’ नाम की आईडी से सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और इन्फ्लुएंसर को ट्रोल करने लगे। इस घटना से ग्वालियर विदेशी पर्यटकों के साथ व्यवहार को लेकर चर्चा में रहा। पहले भी यहां पर्यटकों के साथ ठगी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं के कारण पर्यटक आगरा के बाद सीधे झांसी या ओरछा जाते हैं और ग्वालियर में ठहरने से बचते हैं। बताया जा रहा है कि रूस से आए पर्यटकों का एक दल आगरा से ग्वालियर घूमने पहुंचा था। दोपहर में किले पर घूमते समय एक स्थानीय इन्फ्लुएंसर उनसे बातचीत करने लगा। उसने एक विदेशी महिला को रील बनाने के लिए तैयार किया और अश्लील टिप्पणी करते हुए वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो विवाद का कारण बना।
शहर के एक इन्फ्लुएंसर ने ग्वालियर किले पर रील बनाई, जिसमें एक विदेशी महिला को खड़ा किया। महिला हिंदी नहीं समझती थी, इसका फायदा उठाकर इन्फ्लुएंसर ने अश्लील टिप्पणी कर वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो में इन्फ्लुएंसर की बात से अनजान विदेशी महिला ने अंगूठा दिखाते हुए दो बार  ‘यस-यस’ कहा। उसे अंदाजा नहीं था कि उसके साथ आपत्तिजनक बात कही जा रही है। 
सोशल मीडिया पर लोग इस हरकत को बेहद शर्मनाक बता रहे हैं। उनका कहना है कि इससे ग्वालियर और देश की छवि प्रभावित होती है और विदेशी पर्यटकों के सामने गलत संदेश जाता है। यह वीडियो पुलिस तक पहुंच चुका है। बताया गया कि यही इन्फ्लुएंसर पहले नई लग्जरी कार के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन में वायरल हुआ था। उस दौरान इसके साथियों द्वारा हाइवे पर हवाई फायरिंग का मामला भी सामने आया था।