50 हजार की जमानत पर बाहर आया ट्रिपल मर्डर का दोषी पैरोल से फरार

Apr 18 2026

ग्वालियर। केंद्रीय जेल बहोड़ापुर से ट्रिपल मर्डर, हत्या के प्रयास और आम्र्स एक्ट में सजा काट रहा बंदी पैरोल पर बाहर जाने के बाद फरार हो गया। तय समय पर जेल नहीं लौटने पर प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जेल प्रहरी करण सिंह जादौन ने बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि डब्बू उर्फ दीपक उर्फ आनंद शर्मा निवासी ग्राम विरगवां, थाना पावई, वर्तमान पता अटेर रोड, अशोकनगर, जिला भिंड हत्या, हत्या के प्रयास और आम्र्स एक्ट के मामलों में सजा काट रहा है। आरोपी को तीन अलग-अलग हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। खास बात यह है कि उसके परिवार के पांच अन्य सदस्य भी हत्या के मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
जेल प्रबंधक विदित सरवइया ने बताया कि पैरोल जंप करने वाला बंदी गंभीर अपराधों में सजा काट रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना पुलिस और अन्य जिलों को सूचना दे दी गई है। आरोपी को 1 अप्रैल 2026 को 50 हजार रुपए की जमानत पर 15 दिन की पैरोल दी गई थी। उसे 16 अप्रैल को वापस जेल में रिपोर्ट करना था, लेकिन वह तय समय तक नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद जब उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो जेल प्रबंधन ने मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी।
जेल प्रबंधन के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आसपास के जिलों में भी उसकी तलाश कर रही है।