फायर ब्रिगेड विभाग ने निकाली वाहन रैली, ऊर्जा मंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Apr 17 2026

ग्वालियर। नगर निगम द्वारा अग्नि सुरक्षा जागरूकता के लिए अग्निशमन सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को फायर ब्रिगेड मुख्यालय सिटी सेंटर से एक वाहन रैली निकाली गई। ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने कहा कि फायर अधिकारी अपनी जान जोखिम में डालकर हमारी सुरक्षा करते हैं। यह सप्ताह कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ-साथ आम जनता में भी जागरूकता ला रहा है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि आमजन की सुरक्षा के लिए फायर विभाग को किसी भी आवश्यकता पर सरकार पूर्ण सहयोग करेगी।
अपर आयुक्त मुनीश सिकरवार ने बताया कि फायर सप्ताह के तहत यह जागरूकता रैली पूरे शहर में भ्रमण करेगी। इसका उद्देश्य लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। रैली मुख्यालय से शुरू होकर विभिन्न रास्तों से गुजरते हुए वापस मुख्यालय पर समाप्त हुई।
मुंबई फायर ब्रिगेड के शहीद अधिकारी-कर्मचारियों को याद किया
नोडल अधिकारी फायर रजनीश गुप्ता ने अग्निशमन सप्ताह के आयोजन का ऐतिहासिक संदर्भ बताया। उन्होंने जानकारी दी कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक में एक पानी के जहाज में सेना की विस्फोटक सामग्री में आग लग गई थी। इस घटना में आग पर काबू पाते हुए मुंबई फायर ब्रिगेड के 66 अधिकारी और कर्मचारी शहीद हो गए थे। उन्हीं की स्मृति में और नागरिकों को अग्नि दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह सप्ताह मनाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न फायर गैजेट्स का प्रदर्शन भी किया गया। इनमें फायरवॉल, फायर सिलेंडर, वाटर कैनन और फायर सूट जैसी अग्नि संबंधी वस्तुएं शामिल रहीं।