1300 करोड़ की एलिवेटेड रोड का गर्डर गिरा,एक मजदूर घायल

Apr 16 2026

ग्वालियर। निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के गर्डर का एक हिस्सा गुरुवार दोपहर लगभग 4 बजे अचानक गिर गया। इस हादसे में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना खेड़ापति कॉलोनी में खेड़ापति मंदिर के पास हुई। सीमेंट का यह गर्डर 35 फीट लंबा है। हादसे के बाद प्रशासन का अमला वहां पहुंच गया है। सूचना लगने के बाद ऊर्जा मंत्री प्रदुम्न सिंह तोमर भी घटना स्थल पर पहुंचे और जायजा लिया।
बताया गया कि पुल के ऊपर 35 फीट का एक हिस्सा सेट किया जा रहा था। संतुलन बिगडऩे के कारण यह हिस्सा अचानक नाले में जा गिरा। घटना के समय जोरदार धमाका हुआ, जिसे इलाके के निवासियों ने भी सुना। यह एलिवेटेड रोड केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। यह एलिवेटेड रोड 1300 करोड़ रुपए की लागत से बनाई जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, जिस रास्ते पर यह हादसा हुआ, उसे काम चलने के कारण पहले ही बंद कर दिया गया था। यदि यह रास्ता खुला होता तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
ऊर्जा मंत्री का कहना है कि निश्चित रूप से घटना तो है और यह बड़ा हादसा हो सकता था। इसलिए मामले की पूरी तरह से निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य आएंगे उसके आधार पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जहां यह हादसा हुआ है, वहां से लोग गुजरते रहते हैं और यह आम रास्ता है। भले ही रास्ता बंद था, लेकिन अगर रास्ता चालू होता तो यह हादसा और भी बड़ा हो सकता था। यह प्रशासनिक लापरवाही है।