नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया

Apr 16 2026

ग्वालियर। जिला अस्पताल गुना एवं रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय में कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट ग्वालियर के सहयोग से एक नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शिविर में कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट से आए वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. विक्रम सक्सेना (सीनियर ऑन्को-सर्जन), डॉ. तमोघ्ना जना (हेड एंड नेक सर्जन) एवं डॉ. संजना (मेडिकल ऑफिसर) ने अपनी अनुभवी टीम के साथ मिलकर लगभग 50 मरीजों की जांच की।
उन्होंने मरीजों को कैंसर स्क्रीनिंग की आवश्यकता के बारे में विस्तार से परामर्श दिया तथा आवश्यकतानुसार जांच हेतु सैंपल भी लिए। साथ ही, रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच एवं उपचार के लिए अस्पताल आने की सलाह दी। शिविर के दौरान कुल 5 पंच बायोप्सी तथा 6 मैमोग्राफी जांचें सफलतापूर्वक की गईं, जो प्रारंभिक स्तर पर कैंसर की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह शिविर न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ाने में सहायक रहा, बल्कि समय पर जांच और उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी सिद्ध हुआ। शिविर में चिकित्सकीय टीम के साथ सिस्टर निशा तोमर, सिस्टर तेज लक्ष्मी, सिस्टर राजिया, टेक्नीशियन पूजा, मैमोग्राफी सिस्टर उषा, सिस्टर रीजा, कोऑर्डिनेटर अनुराग श्रीवास्तव, तथा वार्ड सहायिका एवं ड्राइवरों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में, रेडक्रॉस सोसाइटी, गुना के एचओडी डॉ. रामवीर सिंह रघुवंशी ने अपनी पूरी टीम के साथ कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट से आए चिकित्सकों एवं स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रकार के जनहितकारी शिविरों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।