डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर काव्य गोष्ठी का आयोजन

Apr 16 2026

ग्वालियर। बृज कमल साहित्य एवं सामाजिक संस्था और नव कुम्भ साहित्य सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में सिटी सेंटर स्थित एक्सटेंशन 13 अनुपम नगर  पर एक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार आचार्य जगदीश तोमर ने की। सारस्वत अतिथि साहित्यकार मुरारी लाल गुप्त गीतेश रहे। मुख्य अतिथि साहित्यकार अमर सिंह यादव विराजमान रहे।
कार्यक्रम के आयोजक एवं संस्था के अध्यक्ष अनिल राही द्वारा मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवम सम्मान निधि देकर सम्मान किया गया। अपने संक्षिप्त उदवोधन में राही द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल संचालन जगमोहन श्रीवास्तव जग्गू भैया द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों के अतिरिक्त अनेक साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का भावपूर्ण पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों, सामाजिक समता, शिक्षा और संविधान के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व शिक्षा के प्रसार का संकल्प लिया। ललित मोहन त्रिवेदी ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
काव्य पाठ करने वाले रचनाकारों में रामावतार रास, आरती अक्षत, आरएस शाक्यवार, विजय श्रीवास्तव करुण, मंजुलता आर्य, आदित्य अंशुधर, संदीप खैरा,  कमलेश कमल, ललित मोहन त्रिवेदी, माला श्रीवास्तव अज्ञात अनिलराही एवं जगमोहन श्रीवास्तव शामिल रहे।