इंस्पेक्टर ने शादी का झांसा देकर महिला से किया दुष्कर्म मामला दर्ज

Apr 13 2026

ग्वालियर। एक पुलिस इंस्पेक्टर के खिलाफ महिला ने झांसी रोड थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। आरोपी इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) तिघरा में पदस्थ हैं। शिकायत 38 वर्षीय महिला 9 महीने की गर्भवती है। मामला हरिशंकरपुरम का है। पीडि़ता शहर की हरिशंकरपुरम कॉलोनी में ही बुटीक चलाती है। उसके पति का कुछ साल पहले निधन हो चुका है और उसका एक बच्चा है।
पीडि़ता महिला ने पुलिस को बताया कि इंस्पेक्टर ने फेसबुक पर दोस्ती की, तब खुद को अविवाहित बताया। शादी करने का झांसा देकर संबंध बनाए, जबकि वह पहले से शादीशुदा और दो बच्चों के पिता हैं।
 जनवरी 2024 में सोशल मीडिया के जरिए महिला की पहचान इंस्पेक्टर रूपेश शर्मा से हुई। बातचीत बढऩे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने अपनी शादी की बात छिपाकर महिला को भरोसे में लिया। महिला के अनुसार, 2024 में ही रूपेश शर्मा पहली बार बुटीक पर पहुंचे और वहीं उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उन्होंने शादी का भरोसा देकर उसे शांत किया। बाद में महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो इंस्पेक्टर टालमटोल करने लगे। संदेह होने पर पीडि़ता ने जानकारी जुटाई, जिसमें पता चला कि आरोपी का पहले से एक बेटा भी है।
सच्चाई सामने आने पर महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया। इसके बाद पीडि़ता ने झांसी रोड थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी ने जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। जांच के बाद आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक टीआई रूपेश शर्मा पुलिस परीक्षा में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयनित हुए थे और हाल ही में प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर बने हैं। वर्तमान में वह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल तिघरा में पदस्थ हैं।