मकान में आग लगने से ट्रैक्टर-स्कॉर्पियो व बाइक-स्कूटी जले

Apr 13 2026

ग्वालियर। मुरार में विगत दे रात करीब 2:30 बजे एक मकान में भीषण आग लग गई। घटना प्रेमशंकर नारायण के बाड़े में संकल्प हॉस्पिटल के पास की है। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के घरों तक लपटें पहुंच गईं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मकान मालिक बल्ली कांदिल के अनुसार, घर के सामने वाले हिस्से में निर्माण का काम चल रहा था। वहीं, पीछे परिवार निवास करता है। विगत देर रात में पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। आग की लपटें तेज होने के कारण पड़ोसी के घरों की दीवारें भी झुलस गईं। धुएं और आग से घबराकर आसपास के लोग अपने बच्चों के साथ घर छोडक़र सडक़ पर आ गए।
आग में एक ट्रैक्टर, एक स्कॉर्पियो कार, तीन बाइक और एक स्कूटी जल गई। घटना में लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आई है। मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने बोरिंग पंप चालू कर पाइप से पानी डालना शुरू किया। आसपास के घरों से भी पानी डालकर आग बुझाने में मदद की गई। मकान मालिक ने बताया कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची। आरोप है कि सुबह तक दमकल अमला मौके पर नहीं पहुंचा।
 मकान मालिक के अनुसार, जिस स्थान पर आग लगी वहां बिजली कनेक्शन नहीं था। ऐसे में शॉर्ट सर्किट की संभावना नहीं है। वाहनों में स्पार्किंग और पेट्रोल-डीजल के कारण आग भडक़ने की आशंका जताई गई है।