कैंसर पहाडिय़ा स्थित हनुमान मंदिर में हुआ सुंदरकांड पाठ का आयोजन

Apr 12 2026

ग्वालियर। कैंसर पहाडिय़ा स्थित मौनी बाबा आश्रम हनुमान मंदिर में, विश्व में बढ़ रही नकारात्मकता को सकारात्मक ऊर्जा में बदलने के उद्देश्य से एक दिवसीय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी अमित शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें गायक आदर्श खेमरिया एवं उनके मित्रों की मंडली ने सुंदर भजनों एवं मधुर संगीत के साथ सुंदरकांड पाठ प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम दरबार के चित्र के समक्ष विधिवत पूजन एवं मंत्रोच्चारण के साथ हुई।
वर्तमान समय में लगातार चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियां, ब्रेकिंग न्यूज़ का दबाव, अनियमित जीवनशैली एवं मोबाइल स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। इसके चलते युवाओं में तनाव, चिड़चिड़ापन और नकारात्मकता बढ़ती जा रही है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में शहर के डिजिटल क्रिएटर, युवा इन्फ्लुएंसर एवं विभिन्न प्रोफेशनल क्षेत्रों से जुड़े लोग भी शामिल हुए। सभी ने कुछ समय के लिए डिजिटल दुनिया से दूर रहकर आध्यात्मिक वातावरण में शांति का अनुभव किया। सुंदरकांड पाठ के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन रहे और आत्मिक शांति का अनुभव किया। कार्यक्रम के अंत में आरती की गई तथा प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अमित शर्मा, प्रशांत झा, करण राठौर, शुभम साहू, विशाल एवं अनूप पांडे सहित अन्य धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।