स्कूल में कैंसर जागरूकता सत्र आयोजित

Apr 11 2026

ग्वालियर। विद्या भवन पब्लिक स्कूल में कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट तथा फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में एक  कैंसर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कैंसर विशेषज्ञ डॉ. रजत लोहिया ने विद्यार्थियों को कैंसर के कारणों, प्रारंभिक एवं बाद के लक्षणों, बचाव के उपायों तथा उपलब्ध उपचार पद्धतियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के पास यह विकल्प होता है कि वह भविष्य में तंबाकू का सेवन प्रारंभ करे या उससे पूर्णत: दूरी बनाए रखे। उन्होंने सक्रिय एवं निष्क्रिय धूम्रपान के खतरों को समझाते हुए यह संदेश दिया कि  ‘बचाव ही सबसे बेहतर इलाज है। ‘
डॉ. लोहिया ने विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर अत्यंत सरल, रोचक एवं प्रभावशाली ढंग से दिए, जिससे वे जानकारी को लंबे समय तक याद रख सकें। कार्यक्रम में एफटीएस युवा के अध्यक्ष ने संस्था का परिचय देते हुए ‘एकल अभियान’ के माध्यम से वंचित एवं ग्रामीण बच्चों की शिक्षा हेतु सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने अभिभावकों की अनुमति से इस सामाजिक कार्य में योगदान देकर अन्य बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें। यह सत्र अत्यंत सफल रहा, जिसमें लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने अनुशासनपूर्वक एवं गहन रुचि के साथ सभी जानकारियों को सुना और समझा।