तीन बाइक सवारों ने सफाई कर्मचारी को मारे चाकू

Apr 09 2026

ग्वालियर। सफाई करने के लिए जा रहे कर्मचारी पर बाइक से आए तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। दो चाकू सफाई कर्मचारी को सीने व हाथ में लगे हैं। घटना ग्वालियर थाना क्षेत्र के बाबा कपूर छोटा बाजार में गुरुवार की तडक़े करीब पांच बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर उसकी गंभीर हालत देखकर जेएएच रेफर किया गया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्वालियर थाना क्षेत्र के लधेड़ी मछली मंडी के पास रहने वाले 46 वर्षीय धर्मेन्द्र बालुआ पुत्र हरिबाबू बालुआ सफाई कर्मचारी है और उसकी किलागेट पर ड्यूटी चल रही है। रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह भी धर्मेन्द्र सफाई करने के लिए निकला था। अभी वह बाबा कपूर छोटा बाजार पहुंचा ही था कि तभी बाइक से तीन युवक आए और कुछ दूरी पर बाइक खड़ी कर पैदल उसके पास पहुंचे और एक बदमाश ने उसके सीने पर चाकू मारा। अचानक हुई घटना से वह समझ नहीं पाया और चाकू उसके सीने में लगा। इसी बीच दूसरे बदमाश ने उस पर चाकू मारा तो वह सतर्क था और अपने स्थान से हट गया। जिससे चाकू उसके हाथ में लगा। चाकू लगने के बाद आरोपी वहां से भाग निकले। घायल ने शोर मचाया तो वहां से निकल रहे लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल धर्मेन्द्र को उपचार के लिए पहुंचाया। जहां पर उसकी हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे जेएएच रेफर कर दिया है। 
पुलिस ने घायल से पूछताछ की तो उसका कहना है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन चाकू मारने वाले बदमाश पैसे लौटाने की बात कह रहे थे। अब पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों की तलाश में लग गई है।