जिला कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा

Apr 09 2026

ग्वालियर। अंचल में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल पूरी तरह से चौपट हो गई है। अन्नदाता किसान दोहरी मार झेलने को मजबूर है, क्योंकि भाजपा सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण गेंहू उपार्जन प्रक्रिया में लगातार अस्थिरता एवं अव्यवस्था बनी हुई है।
यह आरोप कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट में राज्यपाल के नाम का ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर लगाए। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना था कि गेंहू उपार्जन की तारीखों को बार-बार बदला गया, जिससे किसान परेशान और आक्रोशित है। तारीखों के तय नहीं होने से किसान अपनी फसल लेकर भटक रहे हैं और सरकार कुछ करने को तैयार नहीं है। राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेसियों ने मांग की है कि अंचल में हुई ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वे कराया जाए, फसल नुकसान का निष्पक्ष एवं शीघ्र आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत राशि प्रदान की जाए, गेंहू उपार्जन केंद्रों पर त्वरित एवं व्यवस्थित व्यवस्था तय की जाए, जिससे किसानो को भटकना न पड़े, डिफाल्टर घोषित किसानों को राहत प्रदान करते हुए उनके ऋण पर ब्याज माफी एवं पुनर्गठन की व्यवस्था की जाए तथा किसानों को उपज का समर्थन मूल्य पर अनिवार्य रूप से खरीदारी सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, ग्रामीण अध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे व अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार के कुप्रबंधन और किसान विरोधी रवैए के कारण अन्नदाता परेशान है। किसानों को आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान होना पड़ रहा है, लेकिन प्रदेश सरकार अंसंवेदनशील बनी हुई है। इस मौके पर कांग्रेस के विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार,साहब सिंह गुर्जर, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष वीर सिंह तोमर सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।