कैंसर हॉस्पिटल में ब्लड कंपोनेंट थेरेपी यूनिट का शुभारंभ

Apr 08 2026

ग्वालियर। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कैंसर हॉस्पिटल में ब्लड कंपोनेंट थेरेपी यूनिट का शुभारंभ किया गया। ब्लड कंपोनेंट थेरेपी एक आधुनिक चिकित्सा पद्धति है, जिसमें रक्त को विशेष मशीनों द्वारा विभिन्न घटकों—जैसे प्लाज़्मा, रेड ब्लड सेल्स, प्लेटलेट्स, इम्यूनोग्लोबुलिन्स आदि में विभाजित कर अलग-अलग सुरक्षित बैग्स में संरक्षित किया जाता है। इसके पश्चात मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार केवल आवश्यक रक्त घटक नसों के माध्यम से प्रदान किया जाता है। इससे न केवल रोग का अधिक प्रभावी उपचार संभव होता है, बल्कि मरीजों की जीवन गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है।
इस शुभ अवसर पर डॉ. बीआर श्रीवास्तव, डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, डॉ. गुंजन श्रीवास्तव, डॉ. जीएस राजपूत, डॉ. एमके पाठक, डॉ. त्रिपाठी, डॉ. विजय चौधरी, डॉ. अनिल शर्मा, सत्यव्रत एवं संदीप कुशमाकर द्वारा संयुक्त रूप से ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन से संबंधित सभी अत्याधुनिक मशीनों का संचालन प्रारंभ किया गया। यह सुविधा किसी तृतीयक क्षेत्रीय कैंसर उपचार केंद्र में उपलब्ध होना एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल है, जो निरंतर रोगियों की सेवा के लिए समर्पित रहेगी।
इस अवसर को और भी विशेष बनाते हुए जेसीआई ग्वालियर सुरभि एवं पीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सहयोग से एक सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर इस ऐतिहासिक पहल को सशक्त समर्थन प्रदान करता है और कैंसर रोगियों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होगा। इस शिविर में कुल 14 यूनिट रक्तदान किया गया, जो समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त छात्र-छात्राओं के लिए एक स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रीमती बरखा नामदेव, श्रीमती नीलम अग्रवाल, श्रीमती नेहा गर्ग, श्रीमती नेहा अग्रवाल, श्रीमती आशा कुशवाह, श्रीमती सुरभि समाधिया, श्रीमती प्रिया गुप्ता, श्रीमती नीतू गर्ग, श्रीमती राखी स्वामी, श्रीमती शिउली सरकार, डॉ. मीरा श्रीवास्तव, सुशील गुप्ता तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।