ओलावृष्टि से किसानों पर आर्थिक संकट गहराया:एसयूसीआई

Apr 06 2026

ग्वालियर। विगत रात मध्यप्रदेश के अनेक जिलों में अचानक हुई भारी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। ग्वालियर, गुना, पन्ना और बेतूल सहित कई क्षेत्रों से मिली खबरों के अनुसार गेहूं, चना और सब्जी की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के राज्य सचिव प्रताप सामल ने इस प्राकृतिक आपदा पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि पहले से ही कर्ज, महंगाई, खेती की बढ़ती लागत और उपज के वाजिब दाम न मिलने से परेशान किसनों पर यह आपदा दोहरी मार है। सरकार की ओर से समय पर कोई ठोस राहत व्यवस्था न होना स्थिति को और गंभीर बना देगा। 
प्रताप सामल ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वे कराकर वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाए। किसानों को प्रति एकड़ पर्याप्त मुआवजा तत्काल दिया जाए। सभी किसानों के फसली ऋण माफ किए जाएं। बीमा कंपनियों द्वारा फसल बीमा का पूरा भुगतान सुनिश्चित किया जाए। आगामी फसल के लिए किसानों को मुफ्त बीज, खाद और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने तुरंत ठोस कदम नहीं उठाए, तो एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी किसानों के हित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।