एआईयू राष्ट्रीय महिला छात्र संसद 2025-26 में जेयू ऑवरऑल तृतीय रनरअप रहा

Apr 06 2026

ग्वालियर। भारतीय विश्वविद्यालय संघ नई दिल्ली के निर्देशन में आयोजित चौथी एआईयू राष्ट्रीय महिला छात्र संसद 2025-26 का आयोजन चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी (हरियाणा) में 3 से 5 अप्रैल 2026 के बीच किया गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश के 22 उत्कृष्ट विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी वक्तृत्व कला और संसदीय कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर के तीन सदस्यीय दल—कु. समीक्षा दुबे, कु. मोना (विधि संस्थान, जीवाजी विश्वविद्यालय) एवं कु. साक्षी श्रोत्रिय—ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑवरऑल तृतीय रनरअप का स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के दौरान कु. समीक्षा दुबे को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए  'बेस्ट विप ऑफ द हाउसÓ पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
इस उपलब्धि पर जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजकुमार आचार्य, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जेएन गौतम ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय परिवार ने इस सफलता को संस्थान की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय उत्कृष्टता का प्रतीक बताया।