घुंघरुओं की झंकार में बनारस घराने की लय

Apr 06 2026

ग्वालियर। वीकेंड पर बाल भवन घुंघरुओं की झनकार से गूंज उठा। मंच पर उतरी बालिकाओं ने जब कथक की प्रस्तुति दी, तो उसमें बनारस घराने की सादगी, ठहराव और लय का सुंदर मिश्रण नजर आया। महज दो दिन के प्रशिक्षण में तैयार इस प्रस्तुति ने दर्शकों को बांधे रखा। कार्यक्रम का आयोजन शिखा डांस एकेडमी और उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, संस्कृति विभाग भोपाल ने डिजाइन किया। मुख्य अतिथि पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता थीं। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी वंदना भूपेंद्र प्रेमी और चंद्रप्रताप सिंह सिकरवार, प्रदीप दीक्षित, बृज किशोर दीक्षित, टीआई त्रिवेणी सिंह भदौरिया, मीडिया प्रभारी कुलदीप पाठक, आनंद पाठक,एकात्मता शर्मा, शिव नायक, तरुणा सिंग आदि उपस्थित रहे।
सधे हुए अंदाज में दर्ज कराई उपस्थिति
कथक की शुरुआत ठाठ से हुई, जिसमें बालिकाओं ने सधे हुए अंदाज में मंच पर उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद तत्कार, सरल टुकड़े और तिहाइयों के माध्यम से उन्होंने लय-ताल का सुंदर संयोजन पेश किया। पैरों की स्पष्ट थाप, हाथों की संतुलित मुद्राएं और भाव की सादगी में बनारस घराने की झलक साफ दिखाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित बनारस घराने के कलाकार अमृत मिश्रा भी बालिकाओं की प्रस्तुति को देखकर प्रभावित नजर आए। उन्होंने अपनी प्रस्तुति के जरिए कथक की बारीकियों और घराने की विशेषताओं को भी मंच पर उकेरा।