किले पर स्थित सूरज कुंड में उगी जलकुंभी को साफ किया

Apr 04 2026

ग्वालियर। जल गंगा संवर्धन अभियान शनिवार को ऐतिहासिक ग्वालियर किले पर चलाया गया। इसमें ऊर्जा मंत्री, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, जनप्रतिनिधि और नगर निगम के अमले के साथ स्वच्छता अभियान संभाल रही टीम के सदस्य शामिल हुए। सभी ने मिलकर किले पर स्थित सूरज कुंड की सफाई की और उसमें पानी पर उग आई जलकुंभी को साफ किया। करीब दो घंटे तक चले सफाई अभियान के दौरान सभी ने मिलकर सूरज कुंड में छाई जलकुंभी को पूरी तरह से बाहर निकाला।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शहर में स्थित ऐतिहासिक कुएं, बावड़ी, जलाशय, तालाबों की बड़े स्तर पर सफाई की जा रही है। इसमें सौंदर्याकरण, गहरीकरण, चौड़ीकरण के साथ जैव विविधता का ध्यान रखते हुए काम किया जा रहा है। किले पर स्थित सूरज कुंड में जलकुंभी छा गई थी, जिससे पानी की गुणवत्ता दूषित होने के साथ उसमें विचरण करने वाले पक्षियों के जीवन पर संकट आ गया था। कुंड के बीचो-बीच भगवान शंकर का मंदिर बना हुआ है, जिसमें श्रद्धालु पूजा करने पहुंचते हैं। शनिवार सुबह ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, निगमायुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, प्रदीप सिंह तोमर, जनप्रतिनिधि, जनसंपर्क अधिकारी मधु शोलापुरकर सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और सूरज कुंड की सफाई की। इस दौरान कुंड में जम गई गाद, जलकुंभी व कचरे को उसमें से बाहर निकाला गया। सफाई के बाद सूरज कुंड का अलग ही नजारा था।
महिला सफाईकर्मी को देख रोकी गाड़ी, जाना हाल
किले पर सूरज कुंड की सफाई के बाद निगमायुक्त संघ प्रिय ने वापसी में शब्दप्रताप आश्रम पर बन रहे नाला निर्माण की हालत देखी। जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। कुछ आगे चलने पर सडक़ पर झाडू लगा रही महिला सफाईकर्मी को देखकर गाड़ी रुकवाई और उसके पास पहुंचे। महिला सफाईकर्मी से पूछा कि कब से काम कर रही हो, काम के दौरान कोई परेशानी तो नहीं आती। निगमायुक्त संघ प्रिय ने जानना चाहा कि वेतन मिल रहा है कि नहीं। महिला सफाईकर्मी ने बताया कि वेतन तो मिल रहा है, लेकिन समय पर नहीं मिलता।