गीत गंधर्व सम्मान कवयित्री सरिता चौहान को प्रदान किया जाएगा

Apr 04 2026

ग्वालियर। कवयित्री सरिता चौहान को साहित्य की गीत विद्या के क्षेत्र में दिया जाने वाला गीत गंधर्व सम्मान वर्ष 2026 प्रदान किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि विश्व साहित्य सेवा संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष साहित्य के क्षेत्र में गीत विधा का संरक्षण एवं संवर्धन करने वाले रचनाकारों को सम्मानित किया जाता है। इस सम्मान की स्थापना पांचवें दशक की पीढ़ी के गीतकार गंधर्व सिंह तोमर ‘चाचा’ ने अपने जीवन काल में ही की थी। चाचा जी के परलोक गमन के बाद चाचा के सुपुत्र गीतकार डॉ देवेंद्र तोमर ने इस परंपरा का निर्वहन नियमित रखा है। डॉ देवेंद्र तोमर विश्व साहित्य सेवा संस्थान के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। वर्ष 2026 का ‘गीत गंधर्व सम्मान’ ग्वालियर की कवयित्री श्रीमती सरिता चौहान को प्रदान किया जा रहा है। सरिता चौहान डॉ देवेंद्र तोमर के सानिध्य में प्रेम श्रृंगार तथा करुण रस के गीतों का सृजन कर रही हैं। साथ ही श्रीमती सरिता चौहान विश्व साहित्य सेवा संस्थान की राष्ट्रीय महासचिव भी हैं।
यह सम्मान चाचा जी के 101वें जन्मदिन के अवसर पर मुरैना में आयोजित व्याख्यान माला एवं अखिल भारतीय कवि सम्मेलन के अवसर पर श्रीमती सरिता चौहान को प्रदान किया जाएगा। इस उपलब्धि पर सरिता चौहान को साहित्यकार जगदीश तोमर तथा कवि अनंगपाल सिंह भदौरिया, डॉ किंकर पाल सिंह जादौन, कवि राम लखन शर्मा, कवि राम चरण ‘रुचिर सहित अनेक साहित्यकारों ने बधाई प्रेषित की है।