वाहन चोर पकड़ा, 5 दोपहिया वाहन बरामद

Apr 04 2026

ग्वालियर। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को पकड़ा है। आरोपी चोरी की बाइक बेचने आया था, लेकिन समय पर सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके कब्जे से 5 चोरी की दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। वह मास्टर की के जरिए किसी भी वाहन का लॉक खोल लेता था। आरोपी चोरी के वाहनों को तिघरा पहाडिय़ों के पीछे झाडिय़ों में छिपाकर रखता था। उसके खिलाफ ग्वालियर के विभिन्न थानों में नकबजनी और आम्र्स एक्ट सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और मुरैना में भी वाहन चोरी कर चुका है। पुलिस को आशंका है कि उससे कई अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। इसी दौरान कोतवाली थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिना नंबर की काले रंग की अपाचे बाइक बेचने की फिराक में गुप्तेश्वर मंदिर के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध को देखकर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। 
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपा उर्फ दीपू पिता प्रीतम सिंह यादव निवासी ग्राम कुलैथ खेरिया तिघरा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपाचे बाइक चोरी करना स्वीकार किया। चेसिस नंबर मिलान में बाइक चोरी की पाई गई, जिसे बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने ग्वालियर के अलावा शिवपुरी और मुरैना से भी वाहन चोरी करना कबूल किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने स्टेडियम रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास झाडिय़ों से अपाचे बाइक की नंबर प्लेटें और मास्टर चाबी बरामद की। साथ ही चार अन्य बाइक भी जब्त की गईं, जिनमें स्प्लेंडर प्लस और प्लेटिना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ ग्वालियर के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी और आम्र्स एक्ट सहित 16 मामले दर्ज हैं।