दिव्यांग बच्चों को टीएलएम किट एवं व्हीलचेयर वितरण, बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान

Apr 02 2026

ग्वालियर। एलिम्को के प्रधानमंत्री दिव्याशा एवं वयोश्री केंद्र द्वारा सीएसआर फण्ड के माध्यम से सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों हेतु संचालित स्नेह स्पेशल स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को टीएलएम किट एवं एक्टिव फोल्डिंग व्हीलचेयर वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा एवं दैनिक जीवन में अधिक सुविधा प्रदान करना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान एलिम्को की नोडल अधिकारी डॉ. स्वाति गोयल ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि समाज के प्रत्येक दिव्यांग व्यक्ति तक आवश्यक संसाधन पहुंचें, जिससे उनका जीवन सरल एवं सम्मानजनक बन सके। उन्होंने बताया कि सीएसआर के माध्यम से इस प्रकार की गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।
रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम ने एलिम्को का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहयोग से बच्चों के शिक्षण में सकारात्मक बदलाव आएगा और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। समिति के सचिव रामदास माहौर ने भी इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे कार्य संभव हो पाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती सविता सक्सेना, राखी, श्रीमती राखी अग्रवाल, मधुबाला उपाध्याय, नैंसी पारासर, भूमिका साहू सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने खुशी व्यक्त करते हुए अतिथियों का आभार जताया।