हनुमान जयंती पर शहर के मंदिरों में भीड़, जगह-जगह हुए भंडारे

Apr 02 2026

ग्वालियर। भगवान हनुमान का जन्मोत्सव 2 अप्रैल गुरूवार को धूमधाम से मनाया गया। छतरी मैदान के रोकड़िया हनुमान मंदिर सहित शहर के सभी मंदिरों में सुबह से दर्शनार्थियों की भीड़ रही। लोग पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लेते रहे। हनुमान मंदिरों में सुबह 4 बजे से भगवान का अभिषेक और पूजन शुरू हो गया था। चोला चढ़ाकर भगवान का श्रृंगार करने के बाद पट खोले गए।
रोकड़िया सरकार पर सुंदरकांड पाठ किया गया, इसके बाद सुबह भगवान हनुमान जी को 5100 लड्डुओं का भोग लगाया गया, जो भक्तों को प्रसाद के रूप में वितरण किया गया। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर सुबह से भक्तों की भीड़ लगी थी। भक्तों ने भगवान हनुमान जी के दर्शन के लिए दूर-दूर तक लाइन में लगकर मंदिर में दर्शन किए। 
हनुमान जयंती पर मंदिरों में भक्त प्रसादी का वितरण कर रहे हैं। मंदिरों में भण्डारे के आयोजन हुए। गर्मी के मौसम को देखते हुए शीतल जल की प्याऊ लगाई गई। तो कई जगह शर्बत का विवरण भी किया जा रहा है। भण्डारे के आयोजन आज भी किए जाएंगे।
सनातन धर्म मंदिर में हनुमान जयंती महोत्सव श्रद्धा भाव के साथ मनाया जा रहा है। सुबह पांच बजे हनुमान जी महाराज का प्राकृतिक उत्सव मनाया गया। इसके पूर्व मंदिर के पुजारी ने हनुमान जी को चोला चढ़ाकर भव्य श्रंगार किया। हनुमान जी का विधि विधान से पूजन एवं आरती के उपरांत प्रसाद वितरण किया गाय।
प्रभु श्रीराम के दूत हनुमानजी के दर्शन करने के लिए गुरूवार को भक्तों को कड़ी सुरक्षा के बीच से गुजरना पड़ा। सुबह से ही पुलिस के मुस्तैद जवान मंदिरों के आसपास निगरानी रखे हुए थे तो वहीं शहर के भीड़ भरे बाजारों में पुलिस बल तैनात है। मंदिरों में आज तड़के से ही थाना प्रभारियों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तो वहीं अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी की गई है। करीब 800 जवानों को शहर के मंदिरों व बाजारों में तैनात किया गया है। 
  बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा पर लगा 56 भोग
संकट मोचन हनुमान बालाजी धाम मंदिर गोलपाड़ा के चरणसेवक जगवीर दास ने बताया कि मंदिर पर 3 दिवसीय हनुमत जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। बुधवार को प्रारंभ हुई रामचरितमानस अखंड रामायण पाठ का गुरुवार को समापन हुआ। सुबह मूर्ति का पंचामृत अभिषेक करके चोला चढ़ाया गया। प्रभु हनुमान जी महाराज को 56 व्यंजनों का भोग लगा गया गया।