केंद्रीय जेल से डबल मर्डर का आरोपी पैरोल जंप कर फरार

Mar 31 2026

ग्वालियर। केंद्रीय जेल बहोड़ापुर से डबल मर्डर का आरोपी पैरोल जंप कर फरार हो गया है। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 
जेल प्रहरी गजेंद्र सिंह चौहान ने बहोड़ापुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दतिया निवासी 55 वर्षीय गिरवर पुत्र रघुवीर सिंह यादव डबल हत्या के मामले में सजा काट रहा था। उसे 14 मार्च को 50 हजार रुपए की जमानत पर 15 दिन की पैरोल दी गई थी और 29 मार्च को जेल लौटना था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा, तो जेल प्रशासन ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रातभर इंतजार के बाद मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई और फरार बंदी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।
जेल प्रबंधन के अनुसार, गिरवर यादव दतिया में हुए डबल मर्डर केस में सजा काट रहा था। उसे पहले सागर जेल में रखा गया था, जहां से 17 अगस्त 2021 को ग्वालियर जेल शिफ्ट किया गया था। अब तक वह करीब 24 साल की सजा काट चुका है। बताया गया कि वह मानसिक रूप से कमजोर था और उसकी सर्जरी भी कराई गई थी।
बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के अनुसार, पैरोल जंप करने वाले बंदी के साथ-साथ उसके जमानतदार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।