राजस्थानी अग्रवाल महिला मंडल ने गणगौर उत्सव मनाया

Mar 31 2026

ग्वालियर। राजस्थानी अग्रवाल महिला मंडल द्वारा होटल शाह इंपीरियल में पारंपरिक एवं सांस्कृतिक माहौल के बीच गणगौर उत्सव उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने राजस्थानी संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए विविध गतिविधियों में भाग लिया।
गणगौर राजस्थान का एक प्रमुख एवं श्रद्धा से जुड़ा त्योहार है, जिसे महिलाएं अपने पति की दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि के लिए पूरे 16 दिनों तक श्रद्धा और नियमपूर्वक मनाती हैं। इस अवसर पर मिट्टी के ईसर-गणगौर (भगवान शिव-पार्वती) की प्रतिमाएं बनाकर उनकी पूजा-अर्चना की जाती है तथा अंत में उनका विसर्जन किया जाता है। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर ‘गुने का बायना’ सास को अर्पित कर अपना व्रत पूर्ण करती हैं।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम में कलश सजाओ प्रतियोगिता, घूमर नृत्य, हाऊजी एवं धनवर्षा जैसे आकर्षक आयोजन किए गए। सभी महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सहभागिता कर कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। साथ ही ईसर-गणगौर की विधि-विधान से पूजा-अर्चना भी की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वैश्य विकास परिषद् की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल उपस्थित रहीं, जिन्होंने प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि गणगौर जैसे पर्व नारी शक्ति, समर्पण और परिवार के प्रति उनके प्रेम का प्रतीक हैं। साथ ही उन्होंने महिला मंडल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, उत्साह और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
गणगौर उत्सव में शारदा अग्रवाल, रजनी गर्ग, मीनू गर्ग, सुमन सिंघल, ममता गुप्ता, मंजुला सिंघल, सरोज अग्रवाल, विमला अग्रवाल, भावना गुप्ता, अनीता सिंघल सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मंजुला सिंघल ने किया। कार्यक्रम की संयोजिका अरुणा गोयल एवं पुष्पा सिंघल रहीं। अंत में सरोज अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन किया।