भाजपा पार्षद अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठीं

Mar 30 2026

ग्वालियर। सडक़ निर्माण में देरी से नाराज भाजपा पार्षद अर्पणा पाटिल अपनी ही सरकार के खिलाफ सडक़ में हुए गड्ढे पर ही धरने पर बैठ गईं। उन्होंने सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि 10 दिन में सडक़ का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो नगर निगम मुख्यालय में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अर्पणा पाटिल वार्ड-58 से भाजपा के टिकट पर पार्षद हैं और बसंत विहार कॉलोनी की सडक़ के निर्माण में देरी से नाराज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर सरकार विकास कार्यों की अनदेखी कर रही है। पाटिल ने याद दिलाया कि उन्होंने पहले भी सडक़ के लिए प्रदर्शन किया था। तब सडक़ पर खून बहाने तक की बात कही थी। उसके बाद सडक़ निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई, जो बाद में रोक दी।
नाराज पार्षद करीब एक घंटे सडक़ पर गड्ढे में बैठी रहीं और उनके आसपास से वाहन निकलते रहे। इस दौरान कॉलोनी के रहवासी भी पार्षद के पास पहुंचे। रहवासियों ने इसे जायज मांग बताया और पार्षद के आंदोलन में साथ देने को कहा।
नगर सरकार को जनता की फिक्र नहीं
पार्षद ने कहा कि कॉलोनी की सडक़ खराब हालत में है। लोग यहां गिरकर चोटिल हो रहे हैं और नगर सरकार को चिंता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि सडक़ निर्माण की औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई, फिर सडक़ का निर्माण क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि वे नगर सरकार को सडक़ के गड्ढे दिखाने के लिए सडक़ पर धरने पर बैठी हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर सरकार को जनता की फिक्र नहीं है। यही कारण है कि बार-बार प्रदर्शन करने के बाद भी सडक़ का निर्माण नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि नगर सरकार सडक़ के गड्ढों की अनदेखी कर रही है। ये प्रारंभिक विरोध प्रदर्शन है, यदि 10 दिन में सडक़ निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो नगर निगम मुख्यालय में बड़ा आंदोलन होगा।
 कॉलोनी वासियों ने बताया कि यह सडक़ दो वर्ष से खराब है। जिससे आए दिन एक्सीडेंट होते हैं। बाइक से निकलने वाले अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। वहीं सडक़ से उडऩे वाली धूल से लोग परेशान हैं। निगम हर सुविधा पर टैक्स तो लेता है, फिर सुविधा देने में पीछे क्यों है।