विश्व शांति व वैश्विक सद्भाव के लिए निकाली नगर संकीर्तन यात्रा

Mar 30 2026

ग्वालियर। विश्व शांति और वैश्विक सद्भाव का संदेश लेकर इस्कॉन द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी हरिनाम संकीर्तन अभियान के तहत देश-विदेश के मंदिरों में एक साथ भक्ति की गूंज सुनाई दी। इसी क्रम में ग्वालियर में भी भव्य नगर संकीर्तन यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। शाम 5 बजे इस्कॉन मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा इस्कॉन मंदिर दौलतगंज, बैंड मार्केट, हुजरात पुल, नया बाजार, कम्पू, रॉक्सी पुल, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, राम मंदिर और पाटनकर चौराहा होते हुए पुन: मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के संकीर्तन के साथ नृत्य करते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस संकीर्तन यात्रा में मंदिर के प्रभुजी और माताजी सहित बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। इस पहल का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, एकता और शांति का संदेश फैलाना है। इस्कॉन का यह अभियान लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ते हुए विश्व में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।