रिटायर्ड स्टार्स ऑफ सिटी सर्किल का गेट टुगेदर कार्यक्रमआयोजित

Mar 29 2026

ग्वालियर। विद्युत कंपनी के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के ग्रुप रिटायर्ड स्टार्स ऑफ सिटी सर्किल ग्वालियर का गेट टुगेदर कार्यक्रम एक होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से शायर मदन मोहन दानिश एवं अभिनेता राजेश पाल को आमंत्रित किया गया था, आप दोनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की। कार्यक्रम में भोपाल से पधारे सेवानिवृत्ति महा प्रबंधक अक्षय खरे एवं आगरा से सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक कप्तान सिंह व कट्टा पार्टी ग्रुप के नीरज नायक कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे। 
कार्यक्रम का प्रारंभ अनुज सक्सैना द्वारा जलते हैं जिसके लिए तेरी आंखों के दिए और जब दीप जले आना जब शाम ढले आना सुमधुर गीत गाकर  किया। इसके बाद अक्षय खरे द्वारा गीत ये जिंदगी के मेले दुनियां में कम न होंगे एवं प्रमोद सक्सैना द्वारा रंग बरसे गीत गाकर महफिल को रंगीन कर दिया। अरुण शर्मा एवं एपी सहगल द्वारा स्टेज पर आकर देर तक हंसी मजाक, जोक्स और पुरानी यादों को ताजा करते हुए माहौल को खुशनुमा बना दिया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि  शायर मदन मोहन दिनेश द्वारा शेरो-शायरी और गजल प्रस्तुत कीं। दानिश के शेर- यह कहां की रीत है जागे कोई सोए कोई, रात सबकी है तो सबको नींद आनी चाहिए। इसके बाद अभिनेता राजेश पाल द्वारा अपनी यादगार फिल्मों और टीवी सीरियल्स के चरित्रों पर संक्षिप्त अभिनय पेश किया, जिसकी सभी ने भरपूर सराहना की। 
कार्यक्रम का संचालन ग्रुप संयोजक राहुल गुप्ता स्पर्शी द्वारा किया गया उनके द्वारा कविताएं एवं जोक्स भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के अंत में आभार ग्रुप सदस्य ग्वालियर के बॉक्सिंग कोच तरनेश तपन द्वारा किया गया।