स्कॉर्पियो ने ऑटो में टक्कर मारी, एक ही परिवार के 5 लोगो की मौत, चार घायल

Mar 27 2026

ग्वालियर। शुक्रवार की तडक़े आकाशवाणी चौराहे के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। यह सभी जिस ऑटो रिक्शा में सवार थे उसे तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि ऑटो रिक्शा उछला और सडक़ किनारे खड़े मोटे तने वाले नीम से पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आगे नीम और पीछे से स्कॉर्पियों की टक्कर के बाद ऑटो रिक्शा पापड जैसा पिचक गया। ऑटो में सवार सभी लोग शीतला माता के दर्शन करके लौट रहे थे और जब इनका घर कुछ सौ मीटर के फासले पर ही रह गया था तो मौत ने इनका रास्ता रोक दिया।
जानकारी के मुताबिक परशुराम चौराहे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। बताया जा रहा है कि शाक्य परिवार शीतला माता मंदिर से ऑटो से लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हुए हैं, इनमें से चार की हालत खराब बताई जा रही है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो नीम के पेड़ से टकराने के बाद बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसमें सवार यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
ऑटोरिक्शा में बैठक क्षमता वैसे तो पैसेंजर और चालक समेत चार की है पर इसमें क्षमता से अधिक नौ लोग ठसाठस सवार थे। कहा जा रहा है कि जिस स्कॉर्पियो ने इस ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी उसका चालक काफी नशे में था और वह बस स्टैंड के पास एक टमटम वाले को टक्कर मारकर भागा था। इसी भागम-भाग में स्कॉर्पियो चालक ने आकाशवाणी से परशुराम तिराहे के बीच ऑटोरिक्शा को पीछे जबरदस्त टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। एक घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। चश्मदीद के मुताबिक स्कॉर्पियो ने बस स्टैंड पर एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। उसके पीछे पुलिस लगी थी। भागते समय स्कॉर्पियो ने रास्ते में ऑटो को भी टक्कर मार दी। थाटीपुर पुलिस ने एमपी 21 जेड ई 5911 नंबर की स्कॉर्पियो जब्त कर ली है।
हादसे में इनकी इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), लीला पति इंद्रजीत (52), शुभम उर्फ लाली पिता महेश शाक्य (30), प्रीति कश्यप पति करण कश्यप (60),  शगुन पति शुभम की मौत हो गई है। वहीं प्रीति (20), प्रियांश पिता शुभम (5), आरव पिता शुभम (6) राजेश कुमार (28)आटो ड्रायवर घायल हैं।
कल शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन था
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक शाक्य परिवार के हैं, जो मुरार के घास मंडी और थाटीपुर की सरकारी मल्टी में रहते हैं। कल शुभम के बेटे आरव का जन्मदिन था। वे परिवार के साथ दोपहर 12 बजे करौली माता मंदिर, फिर स्थानीय वैष्णों देवी मंदिर गए। शाम को घर में बर्थडे मनाने के बाद रात 10 बजे शीतला माता के दर्शन करने चले गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया।
एसपी धर्मवीर यादव ने बताया कि घटना में पांच लोगों की मृत्यु हो गई है और चार लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं थाटीपुर पुलिस ने इस हादसे के लिए जिम्मेदार स्कॉर्पियों के चालक अमन शर्मा को पकड़ लिया है। यह चाणक्यपुरी थाटीपुर का रहने वाला है। इसका तुरंत ही मेडिकल भी करवा दिया गया है।