पुरुष पुनर्वास गृह के विस्तार कार्य का कलेक्टर चौहान ने लिया जायजा

Mar 25 2026

ग्वालियर। ऐसे मानसिक रोगी जो ठीक हो चुके हैं, मगर उनके अपने उन्हें लेने नहीं आए हैं अथवा फिर जिनके घर का पता नहीं चला है। ऐसे निराश्रितों के लिये जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक न्याय विभाग व रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से गुड़ीगुढ़ा नाका क्षेत्र में पुरुष पुनर्वास गृह (लांग स्टे होम) संचालित है। इस लांग स्टे होम का विस्तार किया जार हा है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बुधवार को लांग स्टे होम के विस्तार कार्य का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती चौहान ने लांग स्टे होम के प्रबंधन को निर्देश दिए कि यहां निवासरत लोगों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने हर कक्ष में घड़ी लगवाने व गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर कमरों को ठंडा रखने के लिये कूलर व वेंटीलेशन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही मच्छर जालियां लगवाने के लिये भी कहा। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि मानसिक रोग से मुक्त हो चुके जिन लोगों को पुनर्वास गृह में आश्रय दिया गया है उनके घर का पता लगाकर उन्हें घर तक भेजने के भी प्रयास जारी रखें। 
 वर्तमान में लांग स्टे होम में लगभग 15 निराश्रितों को आश्रय मिला हुआ है। अब इसे 50 सीटर बनाया जा रहा है। इससे संबंधित अधिकांश काम पूर्ण हो चुके हैं। लांग स्टे होम में मानसिक रोग चिकित्सालय द्वारा रिफर किए गए लोगों को आश्रय दिया जाता है। कलेक्टर श्रीमती चौहान द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव नवल शुक्ला तथा पुनर्वास गृह प्रबंधन से जुड़े सेवाभावी नागरिक मौजूद थे।