राष्ट्रीय प्रजापति हितकारिणी महासभा का पारिवारिक मिलन एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन संपन्न

Mar 24 2026

ग्वालियर। राष्ट्रीय प्रजापति हितकारिणी महासभा के तत्वावधान में नव संवत्सर रंगोत्सव, पारिवारिक मिलन एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन रामबोला सभागार मानस भवन फूलबाग परिसर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ख्यालेन्द्र प्रजापति उपस्थित रहे। अध्यक्षता सूरजभान प्रजापति ने की। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कन्या पूजन रहा, जिसमें विधि-विधान से पूजन कर कन्याओं को चुनरी, उपहार एवं राशि भेंट की गई। साथ ही संगठन की कन्या शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली छात्रा सुषमा प्रजापति को एमबीए की पढ़ाई के लिए 9356 की सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर ग्वालियर की प्रथम महिला पीएचडी धारक डॉ. विमला प्रजापति एवं तकनीकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तेजेन्द्र प्रजापति को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित हुआ, जिसमें 15 युवक-युवतियों ने परिवार सहित परिचय दिया।