बिना दहेज के पुनर्विवाह बना प्रेरणा

Mar 24 2026

ग्वालियर। सकल ब्राह्मण महासमिति के तत्वावधान में सनातन धर्म मंदिर परिसर में ब्राह्मण समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ.ओएन कौल रहे, जबकि अध्यक्षता महासमिति ग्वालियर के अध्यक्ष प्रकाश नारायण शर्मा ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश के पूजन से हुआ। इसके पश्चात नायिका कला केंद्र के शिवा नायक ग्रुप की वैष्णवी शर्मा ने गणेश वंदना एवं मां दुर्गा स्तुति पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
समारोह का मुख्य आकर्षण धर्मेंद्र एवं इंदु का बिना दहेज पुनर्विवाह रहा, जिसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक पहल बताया गया। इस अवसर पर पंडित गिरिराज, पंडित रमाकांत शास्त्री, पंडित चंद्रशेखर शास्त्री, पंडित प्रमोद वित्थारिया और पंडित ब्रह्मदत्त पाण्डेय शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विवाह प्रमाणपत्र प्रदान किया। माता-पिता के पुनर्विवाह पर उनके बच्चों ने रक्षा सूत्र बांधकर आशीर्वाद दिया, वहीं महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर हर्ष व्यक्त किया। यह दृश्य भावुक और प्रेरक रहा। 
नव संवत्सर मिलन के उपलक्ष्य में रूचि शर्माके नेतृत्व में 71 महिलाओं ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के समापन पर 500 से अधिक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।