फालूदा खाने से चार लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार होकर ग्वालियर रेफर

Mar 24 2026

 

डबरा। भितरवार नगर में विगत रात फालूदा खाने के बाद चार लोग फूड प्वाइजनिंग का शिकार हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार में एडमिट कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी, थाना प्रभारी और तहसीलदार भी अस्पताल पहुंचे।
यह घटना विगत रात 9 बजे के करीब की है। डढूमर निवासी रवि, राज, आशीष, रेनू भितरवार के मुख्य चौराहे पर स्थित भेरुनाथ फालूदा के ठेले पर फालूदा खाने पहुंचे थे। फालूदा खाने के कुछ देर बाद ही उनकी तबीयत बिगडऩे लगी और उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हुई।
चारों पीडि़तों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। एसडीओपी जितेंद्र नगाइच, थाना प्रभारी सुधीर कुशवाह और तहसीलदार धीरज परिहार ने भी अस्पताल पहुंचकर पीडि़तों का हालचाल जाना। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
भेरुनाथ फालूदा का ठेला भीलवाड़ा, राजस्थान निवासी रोशन सिंह गुर्जर का है, जो पिछले 8 सालों से भितरवार में तीन ठेले संचालित कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर ठेला संचालक रोशन सिंह भी अस्पताल पहुंचा। उसने बताया कि वह सुबह से फालूदा बेच रहा था और तब से कोई शिकायत नहीं आई थी।
उसने कहा कि उसे समझ नहीं आ रहा कि ये लोग कैसे बीमार हुए। फिलहाल, सभी चारों पीडि़तों का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने फालूदा के सैंपल लेने की बात कही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।