नदियों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी-सुशील बरुआ

Mar 20 2026

ग्वालियर। सामाजिक संस्था रमन शिक्षा समिति द्वारा विकासखंड मुरार में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वेशली नदी, हुरावली पर दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं नदियों के संरक्षण का संदेश देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक सुशील बरुआ उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिला समन्वयक धर्मेन्द्र दीक्षित, विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रीति वाजपेयी तथा रमन शिक्षा समिति के अध्यक्ष हरिओम गौतम, वरिष्ठ समाजसेवी एमएस यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान नदी के घाट पर स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई तथा 151 दीप प्रज्वलित कर नदी की आरती की गई। दीपों की रोशनी से घाट का वातावरण अत्यंत मनमोहक एवं आध्यात्मिक बन गया।
मुख्य अतिथि सुशील बरुआ ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नदियों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
संस्था अध्यक्ष हरिओम गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसे संरक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान से जुडक़र अपने स्तर पर जल बचाने का प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम में परमानन्द श्रीवास, राजू बामोते, राजकुमार प्रजापति, आनंद यादव, मेन्टर श्रीमती उर्मिला कुशवाह, शैलेन्द्र चौधरी, कल्पना तिवारी, अमित मण्डेलिया सहित नवांकुर संस्था एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के सदस्यगणों के साथ-साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी उपस्थित रहे।