कॉम्बिंग गश्त के दौरान 264 वारंटी पकडक़र 282 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक

Mar 16 2026

ग्वालियर। जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने व आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से एसएसपी धर्मवीर सिंह के निर्देश पर  जिले में विगत रात्रि शहर व देहात के थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त किया गया।
इस दौरान एडिशनल एसपी श्रीमती विदिता डागर, श्रीमती अनु बेनीवाल,  श्रीमती सुमन गुर्जर, जयराज कुबेर, मनोज कुमार एवं ग्वालियर पुलिस के समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों के साथ मय पुलिस बल के ग्वालियर शहर एवं देहात क्षेत्र में कॉम्बिंग गश्त किया।
इस अवसर पर एसएसपी धर्मवीर सिंह द्वारा शहर में स्वयं कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान उनके द्वारा फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों एवं जिला बदर के आरोपियों की उनके घरों पर चेकिंग के साथ ही बैंक एटीएम एवं होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों को भी चेक किया। इस गश्त के लिये पुलिस की टीमें बनाकर शहर व देहात क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों में भी गश्त की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधे दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग की गई।
पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने जिले में कुल 134 स्थाई वारंट, 130 गिरफ्तारी वारंट तामील कराये गये साथ ही 138 गुण्डा एवं 144 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान अवैध शराब के थाना पुरानी छावनी में 2, डबरा देहात, गिजोर्रा, बिजौली में 1-1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया तथा जुआ का थाना डबरा शहर में 1 प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। शहर एवं देहात के विभिन्न थानों में धारा 107/116 जाफौ के 29 प्रकरणों में 41 पर कार्यवाहियां की गई एवं अन्य प्रकरणों में भी 9 कार्यवाहियां की गई हैं।