संवेदनशील सरकार किसी के साथ अन्याय नहीं होने देगी:आशीष अग्रवाल

Mar 16 2026

ग्वालियर। मुरार नदी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा चल रही कार्रवाई से प्रभावित परिवारों ने पूर्व पार्षद देवेन्द्र पाठक के साथ ग्वालियर में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी पीड़ा और समस्याओं से अवगत कराया। पीडि़त परिवारों ने बताया कि वे वर्षों से उक्त स्थान पर निवास कर रहे हैं तथा भूमि से संबंधित विधिवत दस्तावेज उनके पास उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि भूमि की रजिस्ट्री एवं नामांतरण विधिसम्मत रूप से दर्ज है तथा वे नियमित रूप से भूमि कर एवं जलकर का भुगतान करते आ रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा नोटिस देकर उन्हें जमीन से बेदखल करने की कार्रवाई की जा रही है, जिससे वे बेहद चिंतित हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने पीडि़त परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कलेक्टर श्रीमती रूचिकस चौहान एवं निगमायुक्त संघ प्रिय से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण से अवगत कराया। उनकी पहल पर पीडि़त परिवारों की कलेक्टर एवं निगमायुक्त से मुलाकात तय की गई है, जिसमें वे अपने दस्तावेजों सहित अपना पक्ष विस्तार से रखेंगे। श्री आशीष अग्रवाल ने पीडि़त परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार अत्यंत संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन से आग्रह किया गया है कि पीडि़त परिवारों का पक्ष गंभीरता से सुना जाए और न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जाए।