एमआईटीएस में विशिष्ट व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित

Mar 15 2026

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (डीम्ड विश्वविद्यालय)  के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के सहयोग से आईईईई पावर एंड एनर्जी सोसाइटी (एमपी चैप्टर) के तत्वावधान में विशिष्ट व्याख्यान कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पावर सिस्टम इंजीनियरिंग के क्षेत्र के प्रख्यात विशेषज्ञ डॉ. कल्याण के. सेन, प्रेसिडेंट एवं सीटीओ, सेन इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस इंक., अमेरिका ने मुख्य वक्ता के रूप में व्याख्यान दिया। उन्होंने अपने व्याख्यान में विद्युत ट्रांसमिशन प्रणाली में सेन ट्रांसफॉर्मर की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा बताया कि इसके माध्यम से ट्रांसमिशन लॉस को कम कर पावर प्रोफाइल में सुधार किया जा सकता है। डॉ. सेन ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को तकनीकी ज्ञान का उपयोग नवाचार और आविष्कार में करने के लिए प्रेरित किया, जिससे तकनीक के माध्यम से समाज के विकास में योगदान दिया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान की प्रो-वाईस चांसलर डॉ. मंजरी पंडित ने इस प्रकार के विशेषज्ञ व्याख्यानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। इस अवसर पर विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. शिशिर दीक्षित, डॉ. यशवंत सावलें, चेयर आईईईई पावर एंड एनर्जी सोसाइटी (एमपी चैप्टर) सहित विभाग के संकाय सदस्य, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में ई. राजेश शर्मा का विशेष योगदान रहा।