केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के छात्र विश्वजीत ने यूपीएससी 2025 में 67वीं रैंक हासिल की

Mar 14 2026

ग्वालियर। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 शक्ति नगर से बारहवीं पास आउट विश्वजीत गुप्ता ने यूपीएससी 2025 की सिविल सेवा परीक्षा में अपने चौथे प्रयास में देश में 67वीं रैंक प्राप्त कर केंद्रीय विद्यालय संगठन को गौरवान्वित किया है। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में 2018 में विज्ञान संकाय के विद्यार्थी रहे। साथ ही केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक ग्वालियर की छात्र परिषद के स्कूल कैप्टन के रूप में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के स्कूल कैप्टन के रूप में उनकी प्रशासनिक क्षमता एवं नेतृत्व क्षमता दिखाई देती थी। एक प्रतिभाशाली विद्यार्थी के रूप में उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए ऑनर्स पॉलिटिकल साइंस में किया। विश्वजीत गुप्ता केंद्रीय विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं ।अपनी इस बड़ी सफलता को प्राप्त कर वे न केवल केंद्रीय विद्यालय के छात्रों के लिए अपितु पूरे ग्वालियर शहर के युवाओं के लिए एक रोल मॉडल साबित हुए हैं।
विश्वजीत दूसरे प्रयास में इंटरव्यू तक पहुंचे थे और चौथी बार के प्रयास में देश में उन्होंने 67वीं रैंक प्राप्त कर सफलता अर्जित की। विश्वजीत गुप्ता के माता-पिता शिक्षक हैं। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 ग्वालियर के वर्तमान प्राचार्य श्री राजेश पांडेय एवं समस्त विद्यालय के शिक्षकों ने विश्वजीत गुप्ता को इस सराहनीय प्रयास के लिए बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान की। विश्वजीत ने चर्चा के दौरान बताया यूपीएससी की परीक्षा कड़ी मेहनत, लगन और धैर्य की मांग करती है ।कई बार लंबे प्रयास भी करने होते हैं ,जिसमें बहुत धैर्य की आवश्यकता होती है ।विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य कक्षा 12वीं में ही तय कर लेना चाहिए और इस दिशा में लगातार प्रयास करने चाहिए।