अब निजी संस्थान संवारेंगे ग्वालियर

Mar 13 2026

ग्वालियर। ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर को और अधिक हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने निजी संस्थानों के लिए एक बड़ा अवसर उपलब्ध कराया है। शहर के प्रमुख रोड जंक्शनों, रोटरी और पार्कों के विकास, सौंदर्यीकरण और रखरखाव के लिए निजी कंपनियों, संस्थानों और संगठनों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किए गए हैं।
अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने  बताया कि निगमायुक्त संघ प्रिय के निर्देशन में यह पहल शुरू की गई है। इसके तहत सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर कंपनियों, फर्मों, विज्ञापन एजेंसियों और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स को शहर के अविकसित पार्कों, रोटरियों और चौराहों को गोद लेकर उनका विकास और सौंदर्यीकरण करने का अवसर मिलेगा। इससे संस्थान अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से शहर के विकास में योगदान दे सकेंगे।
नगर निगम द्वारा जारी ईओआई की शर्तों के अनुसार पार्क अथवा रोटरी को गोद लेने वाली संस्थाओं को आधुनिक लैंडस्केपिंग, पौधरोपण, बैठने की व्यवस्था और बेहतर लाइटिंग की सुविधा उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के उपाय भी अपनाने होंगे, जिनमें सोलर लाइट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वेस्ट मैनेजमेंट जैसी व्यवस्थाएं शामिल होंगी। इन उपायों से जल संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को भी बढ़ावा मिलेगा।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा 10 मार्च 2026 को ईओआई जारी की गई है। आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 17 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक संस्थाएं नगर निगम कार्यालय, सिटी सेंटर में संपर्क कर आवेदन प्रस्तुत कर सकती हैं।
 इस अभियान में केवल बड़े कॉरपोरेट हाउस ही नहीं, बल्कि शैक्षणिक संस्थान, मीडिया संस्थान, स्टार्टअप, गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन भी भाग ले सकते हैं। जितने अधिक संस्थान इसमें भाग लेंगे, शहर का विकास उतनी ही तेजी और बेहतर तरीके से हो सकेगा।