‘ग्लूकोमा मुक्त ग्वालियर’ के लिए रैली निकाली

Mar 12 2026

ग्वालियर। विश्व ग्लूकोमा सप्ताह के अवसर पर ग्वालियर मंडल नेत्र रोग सोसायटी (जीडीओएस) ने एएसजी नेत्र अस्पताल ग्वालियर के सहयोग से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य ‘ग्लूकोमा मुक्त ग्वालियर’ था, जिसके तहत लोगों को अपने नजदीकी नेत्र अस्पतालों में ग्लूकोमा जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली में (जीडीओएस) के वर्तमान अध्यक्ष प्रो. डॉ. डीके शाक्य एवं वर्तमान सचिव डॉ. विवेक सिंघल और ग्वालियर के प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव गुप्ता, डॉ. संजीव गुप्ता, डॉ. सुशील अरोरा, डॉ पुरेंद्र भसीन और डॉ. रश्मी कुजूर ने भाग लिया। एएसजी नेत्र अस्पताल की टीम का नेतृत्व डॉ. विवेक सिंघल, डॉ. निखिल जैन और डॉ. देवांशू ने किया। 
रैली सुबह 7:45 बजे जीआरएमसी के मुख्य द्वार से एमएलबी कॉलेज के लिए रवाना हुई। रास्ते में लोगों को ग्लूकोमा जागरूकता संबंधी पर्चे वितरित किए गए। प्रो. डॉ. डीके शाक्य ने रैली में उपस्थित मीडियाकर्मियों को ग्लूकोमा की जांच के महत्व और अनुपचारित ग्लूकोमा के परिणामों के बारे में समझाया और सभी संदिग्ध व्यक्तियों को अपने नजदीकी नेत्र अस्पताल में ग्लूकोमा की जांच कराने के लिए प्रोत्साहित किया।