राहगीरों पर गिरा पेड़ गिरने से ६ से ज्यादा राहगीर घायल, एक बच्ची की हालत गंभीर

Mar 10 2026

ग्वालियर। मंगलवार दोपहर सडक़ से गुजर रहे राहगीरों पर एक पेड़ अचानक गिर गया। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में पैदल चलने वाले लोग और दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घायलों में एक १७ वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर है।
जानकारी के मुताबिक यह पेड़ करीब ५० साल पुराना था और उसमें दीमक लग चुकी थी, जिससे वह कमजोर हो गया था। इसी कारण अचानक सडक़ पर गिर पड़ा। घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों और सेना के जवानों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यह हादसा मुरार थाना क्षेत्र के हुरावली इलाके में दोपहर करीब १२:३० बजे के करीब हुआ। जानकारी के मुताबिक१७ वर्षीय तनिष्का कुशवाहा के सिर में चोट आई है, वह सातवीं कक्षा की छात्रा है, उसे आईटीएम कॉलेज के पास मेट्रो हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पेड़ गिरने से घायल बच्चों को देखने पहुँचे मुन्ना
मंगलवार दोपहर १२.३० बजे हुरावली रोड पर अचानक पेड़ गिरने से राजकुमारी, माया, नरेंद्र सिंह, मिथलेश एवं राजा पेड़ की चपेट में आ जाने से गम्भीर रूप से घायल हो गए, घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल ने मुरार जिला अस्पताल पहुँचकर घायल मरीजो से बातकर हॉस्पिटल प्रबंधन से घायल मरीजो को समुचित इलाज देने की बात की।