14 मार्च को हाईकोर्ट परिसर में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का दावा

Mar 08 2026

ग्वालियर। आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता दामोदर यादव ने कहा है कि बाबा साहेब की प्रतिमा लगाने के लिए हम संकल्पित हैं और उसी को पूरा करने के लिए नागपुर दीक्षाभूमि से शुरू की गई संकल्प यात्रा अब पैदल मार्च करते हुए हजारों कार्यकर्ताओं के साथ 14 मार्च को गवालियर पहुंचेगी। श्री यादव ने बताया कि 11 मार्च को दतिया जिले के गोराघाट में विशाल रैली कर इस पदयात्रा की शुरुआत की जाएगी और उसी दिन डबरा में भी विशाल रैली भी यात्रा के माध्यम से निकाली जाएगी। जहां सरकारी जगह पर कब्जा कर बनाए गए नवग्रह मंदिर की आड़ में की जा रही भू माफिया गिरी की भी सारी परतें खोली जाएंगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रैली निकालने के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया यात्रा में हजारों की संख्या में लोग प्रदेश के कोने-कोने से सम्मिलित होने वाले हैं। जो ग्वालियर हाईकोर्ट में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा स्थापित करना चाहते हैं। इसलिए हम 13 मार्च को ग्वालियर शहर में दाखिल होंगे एवं 14 मार्च को मूर्ति की स्थापना करेंगे। पत्रकार वार्ता में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतेंद्र विद्रोही युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल गुर्जर सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।