भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान व पूजनीय स्थान प्राप्त रहा: एसएसपी धर्मवीर सिंह

Mar 08 2026

ग्वालियर। भारतीय संस्कृति में महिलाओं को सदैव सम्मान व पूजनीय स्थान प्राप्त रहा है। वर्तमान समय में महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। पुलिस विभाग में कार्यरत महिला अधिकारी व कर्मचारी न केवल स्वयं सशक्त हैं बल्कि उन्हें समाज की अन्य महिलाओं को भी सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। यह बात एसएसपी धर्मवीर सिंह ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कही।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि पुलिस के पास आने वाली पीडि़त महिलाओं एवं कमजोर वर्ग के लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उनकी मदद करना हमारी जिम्मेदारी है जिससे समाज में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण निर्मित हो सके। सम्मान समारोह की मुख्य अतिथि कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि वास्तव में वर्ष का प्रत्येक दिन महिला दिवस के समान ही है क्योंकि महिलाओं के बिना परिवार और समाज की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने महिला पुलिस अधिकारियों से कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के कारण उनकी जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। उन्हें महिलाओं एवं आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करना चाहिए। उन्होंने सभी उपस्थित महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में थानों में ऊर्जा डेस्क एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं, पुलिस लाइन ग्वालियर सहित विभिन्न इकाइयों में पदस्थ महिला अधिकारी एवं कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। 
इस अवसर पर एडिशनल एसपी श्रीमती विदिता डागर, श्रीमती अनु बेनीवाल, श्रीमती सुमन गुर्जर सहित जिले की समस्त महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।