10 हजार का इनामी हत्यारोपी पकड़ा

Mar 07 2026

ग्वालियर। महाराजपुरा थाने की पुलिस ने खेत में पानी देने के विवाद पर गोली मारकर हत्या करने वाले 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी लल्ला उर्फ अतेंद्र गुर्जर को पकड़ा है। उल्लेखनीय है कि फरियादी ऐदल सिंह गुर्जर निवासी ग्राम गिरगांव ने शिकायत की थी कि केशव सिंह के परिवार के लोगों से खेत में पानी देने की बात पर उनका मुंहवाद होता रहता है।
17 फरवरी को वह अपने चाचा रामसिंह उर्फ डालसिंह, मुकेश, रामेंद्र के साथ परिवार के बाबा कल्याण सिंह की डेयरी पर खड़ा था। तभी गांव की तरफ से लल्ला, सुमंत, सोनू, बब्बू, रामसेवक तथा दीपू हाथों में बंदूकें, कट्टे आदि लेकर आए और गालियां देने लगे तभी लल्ला ने बंदूक से फायर किया जो चाचा रामसिंह उर्फ डाल सिंह के सिर में लगी और वह गिर पड़े। उसके बाद वह लोग हथियारों से गोलीबारी करते हुए चले गए। महाराजपुरा पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में फरार 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी सोनू उर्फ योगेन्द्र गुर्जर एवं बब्बो उर्फ नरेन्द्र गुर्जर को पूर्व में ही पकड़ा जा चुका है।  इस मामले का फरार एक और आरोपी लल्ला उर्फ अतेंद्र गुर्जर को भी पुलिस ने टीकरी गांव से पकड़ लिया है।