मंत्री प्रद्युम्न ने आप नेता रोहित गुप्ता से कह दिया की आपकी क्या औकात है

Mar 06 2026

ग्वालियर। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सरकारी बंगले पर ओबीसी महासभा के कुछ लोग गांधी नगर के एक फ्लैट के विवाद को लेकर कार्रवाई की मांग करने जा पहुंचे। इनके साथ आप नेता रोहित गुप्ता भी थे। गुप्ता का कहना था कि गांधी नगर में विजय कुमार याज्ञिक ने 21 लाख रुपए में एक फ्लैट खरीदा है लेकिन उस पर गौरव वाजपेयी उर्फ गुड्डू ने कब्जा कर रखा है वह बिजली ठेकेदार का भाई है। यदि वहां कब्जा लेने जाते हैं तो वह मंत्री का नाम लेता है। इस पर मंत्री तोमर का कहना था कि आप मुझसे क्या चाहते हैं। 
गुप्ता बोले आप उसके खिलाफ पुलिस से कहकर प्राथमिकी दर्ज कराइये। मंत्री ने कहा मैं ऐसा क्यों कराऊं, आप थाने में जाकर शिकायत करें। चूंकि बंगले पर सीएसपी और टीआई भी मौजूद थे इसलिए ओबीसी महासभा के लोग उनसे भी उलझने लगे। मंत्री से रोहित गुप्ता कुछ ज्यादा ही उलझने लगे, तब उन्होंने कह दिया की आपकी क्या औकात है, यहां से चुनाव भी लड़ चुके, चार हजार वोट ला पाए थे। औकात की बात पर वहां हंगामा हो गया, तब पुलिस और मंत्री के सुरक्षा गार्डों ने मोर्चा संभालकर भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कार्यकर्ताओं में रोष देखने को मिल रहा है। आप नेताओं ने कहा है कि जब तक मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पीडि़त से माफी नहीं मांगते और विजय कुमार का फ्लैट खाली नहीं करवाते, तब तक उनके खिलाफ विरोध जारी रहेगा।