प्रधानमंत्री आवास की टंकियों में जहरीले कीड़े, आखिर निगम कब चेतेगा

Mar 06 2026

ग्वालियर। इंदौर में गंदे पानी से लोगों के मौत की घटना के बाद भी ग्वालियर नगर निगम सबक लेने को तैयार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रभावी योजना पीएम आवास मानपुर फेस वन सोसायटी को बने लगभग दो साल हो चुके हैं। यहां की टंकियों की अभी तक सफाई नहीं हुई है। आलम यह है कि यहां टंकियों में छिपकली सहित अन्य जहरीले कीड़े निकल रहे हैं।  सोसायटी के ई-52 की टंकी में रहवासियों ने छिपकली निकाली।
 उल्लेखनीय है कि यहां लगभग 1300 वन बीएचके, टू बीएचके और थ्री बीएचके फ्लैट हैं, जिनमें लगभग पांच हजार लोग रह रहे हैं। हालांकि इंदौर में हुई घटना के बाद नगर निगम कुछ दिन के लिए चेता था और सोसायटी की कुछ टंकियों की सफाई कराई थी, जो कि बाद में सो गया। मानपुर सोसायटी में ठेकेदार द्वारा लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यहां सुरक्षा में तो फेल थी ही, अब सफाई भी फेल हो चुकी है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिनकी शिकायत के बाद भी कोई सुधार नहीं है।