सेंट्रल जेल में भाईदूज पर बहनों ने बंदी भाईयों को किया मंगल तिलक

Mar 05 2026

ग्वालियर। सेंट्रल जेल में गुरुवार को होली की दूज पर भाईदूज का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर एक हजार से अधिक बहनें जेल में बंद अपने भाइयों को मंगल तिलक करने पहुंचीं। जेल प्रशासन ने इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। जेल के बाहर सुबह से ही काउंटर लगाए यहां बहनों का पूरा सत्यापन (वैरिफिकेशन) करने के बाद ही उन्हें भाइयों से मिलने की अनुमति दी गई।
बहनों ने गुरुवार को भाईदूज पर परंपरागत रूप से रंग, गुलाल, रोली, चावल और चंदन से भाइयों को तिलक कर मिठाई खिलाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की। हालांकि, बहनों को बाहर से कोई भी सामग्री लाने की अनुमति नहीं थी। उन्हें जेल में ही शुल्क देकर लड्डू और अन्य पूजन सामग्री खरीदनी पड़ी।
यह मौका उन कैदियों के लिए एक विशेष अवसर होता है, जो संगीन मामलों में जेल में बंद हैं और अपने परिवार से मिलने के लिए ऐसे त्योहारों का इंतजार करते हैं।