पुलिस लाइन में आईजी और एसएसपी ने जवानों संग खेली होली

Mar 05 2026

ग्वालियर। होली के दौरान 72 घंटे की ड्यूटी पूरी करने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन में पुलिस अफसरों और जवानों ने होली का उत्सव मनाया। इस दौरान अधिकारी और कर्मचारी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए और डीजे पर होली गीतों पर जमकर नाचे। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं देकर समारोह की शुरुआत की। इसके बाद अफसरों और जवानों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाया।
कार्यक्रम में  रंग बरसे, होरी खेले रघुवीर, आयो नंदगांव से होली खेलन सहित कई होली गीतों पर एसएसपी, एएसपी, सीएसपी, डीएसपी और महिला पुलिस अधिकारी भी थिरकते नजर आए। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार होलिका दहन से लेकर होली खेलने तक शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने लगातार 72 घंटे ड्यूटी की थी। परंपरा के अनुसार पुलिसकर्मी होली के अगले दिन पुलिस लाइन में सामूहिक रूप से उत्सव मनाते हैं।
पुलिस लाइन में होली समारोह के लिए विशेष पंडाल बनाया गया था। इसमें आईजी, डीआईजी, एसएसपी, एडिशनल एसपी, सीएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी, जबकि बाद में जवानों के लिए कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम के दौरान डीजे पर होली गीत बजाए गए। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों ने ढोलक और हारमोनियम पर पारंपरिक होली गीत भी गाए।