एसएसएच-26 में एमआईटीएस को द्वितीय स्थान प्राप्त

Mar 02 2026

ग्वालियर। माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (एमआईटीएस) डीम्ड यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सिम्बायोसिस स्किल हैकाथॉन 2026 (एसएसएच-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान का नाम रोशन किया। यह 36-घंटे का राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज (एसयूएएस), इंदौर  में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से छात्र टीमों ने भाग लिया। इस उपलब्धि पर टीम को 31 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
विजेता टीम में कृष्णा दीक्षित (सीएसई, तृतीय वर्ष), सचिन वर्मा (आईटी, तृतीय वर्ष) एवं ऋषभ पाटीदार (आईटी, तृतीय वर्ष) शामिल रहे। विद्यार्थियों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सीमित समय में समाधान विकसित कर प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिससे टीमवर्क, नवाचार और समस्या-समाधान कौशल में वृद्धि हुई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आरके पंडित ने छात्रों की इस सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि छात्र  अगर आउट ऑफ़ बॉक्स सोचेंगे तो कदम कदम पर सफलता मिलेगी। एमआईटीएस की प्रो वाईस चांसलर डा मंजरी पंडित ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा यह उपलब्धि छात्रों की तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रमाण है। राष्ट्रीय स्तर पर एमआईटीएस का प्रतिनिधित्व कर पुरस्कार प्राप्त करना संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
टीम ने आयोजन में सहयोग के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने बताया कि इस मंच ने उन्हें टीमवर्क, समय-प्रबंधन, तेज़ निर्णय क्षमता और दबाव में गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया।