तीन दिवसीय युवा सम्मेलन 1 मार्च से

Feb 28 2026

ग्वालियर। महाराष्ट्र से शहर में पधारे युवा संस्थाएं, पूर्णवाद युवा फोरम तथा पूर्णकन्या प्रतिष्ठान द्वारा 1 मार्च से 3 मार्च तक तीन दिवसीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया है। सम्मेलन का उद्घाटन 1 मार्च रविवार को प्रात: 11 बजे सम्पन्न होगा। सम्मेलन में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को युवक क्रांतिवीर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। सम्मेलन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मध्यप्रदेश के उप-मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, जेयू के कुलपति डॉ. राजकुमार आचार्य, सौरभजी बोरा तथा पूर्णवाद युवा फोरम संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत पारनेरकर उपस्थित होंगे।
तत्पश्चात दोपहर 3 बजे से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा डिजाइंड इन्ट्यूशन विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया है। जिसमें माधव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्राध्यापक डॉ. अभिषेक भट्ट, डॉ. विभा तिवारी तथा संभाजी नगर महाराष्ट्र के प्रसाद हिंगे व अभिजीत कुलकर्णी भाग लेंगे। सायं 6 बजे ग्वालियर घराने का सांगीतिक वैभव कार्यक्रम आयोजित किया है। जिसमें ग्वालियर घराने की सांगीतिक परंपरा का दर्शन राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय के छात्र प्रस्तुत करेंगे, जिसका अध्वर्युत्व कुलपति स्मिता सहस्त्रबुद्धे करेंगे। ये सभी कार्यक्रम जेयू के अटल बिहारी वाजपेयी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में संपन्न होंगे।
2 मार्च सोमवार को इतिहासविद निलेश करकरे के मार्गदर्शन में बाहर से आए 500 युवक युवतियां ग्वालियर दर्शन करेंगे। सायं 6 बजे पूर्णवाद युवा फोरम तथा पूर्णकन्या प्रतिष्ठान संस्था के रचयिता डॉ. विष्णु महाराज पारनेरकर के आशीर्वचन का कार्यक्रम हरे शिव गार्डन, लक्ष्मीगंज में संपन्न होगा। 3 मार्च मंगलवार को प्रात: 11 बजे पूर्णवाद भूषण तथा पारनेरकर गुरुसेवा मंडल, पारनेर के अध्यक्ष, एड. गुणेश पारनेरकर, उक्त युवक युवतियों को मार्गदर्शन देंगे व सम्मेलन का समापन होगा।